बिलासपुर में 6 साल से अधूरे साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम निर्माण को मिलेगी रफ्तार, लागत बढ़कर पहुंची 22 करोड़


 

भूमिपूजन के साथ फिर शुरू होगा निर्माण, डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्री रहेंगे मौजूद

बिलासपुर। शहर के साइंस कॉलेज मैदान में छह वर्षों से अधूरे पड़े ऑडिटोरियम निर्माण कार्य को आखिरकार नई रफ्तार मिलने जा रही है। कभी 13.46 करोड़ की लागत से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट अब 22 करोड़ तक पहुंच चुका है। रविवार को डिप्टी सीएम अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करेंगे। कार्यक्रम सरकंडा के जिला खेल परिसर में दोपहर 12 बजे आयोजित होगा।

विवाद में फंसा था निर्माण, अब पुनरीक्षित स्वीकृति के बाद होगा पूरा

इस ऑडिटोरियम की परिकल्पना वर्ष 2017 में तत्कालीन नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने की थी। प्रगति मैदान की तर्ज पर साइंस कॉलेज मैदान को विकसित करने की योजना के तहत इसमें 720 सीटों वाला ऑडिटोरियम प्रस्तावित था। लेकिन साल 2018 में सरकार बदलने और पीडब्ल्यूडी के तत्कालीन ईई महादेव लहरे तथा विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी के बीच विवाद के चलते निर्माण कार्य ठप हो गया। दिसंबर 2019 में ठेकेदार ने काम बंद कर दिया था।

बेलतरा विधायक की सक्रियता लाई रंग

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर इस अधूरे प्रोजेक्ट को पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति मिली। विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मांग की थी कि अधूरे पड़े निर्माण कार्य को फिर से शुरू किया जाए। इसके बाद शासन ने बिलासपुर समेत दुर्ग, जगदलपुर और अंबिकापुर में अधूरे ऑडिटोरियम प्रोजेक्ट्स को फिर से हरी झंडी दे दी है।

केवल बिलासपुर में नहीं, तीन अन्य जिलों को भी मिलेगा लाभ

चारों जिलों में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुए ऑडिटोरियम कार्य विभिन्न कारणों से अधूरे रह गए थे। बिलासपुर में प्लिंथ स्तर तक ही काम हुआ था, जिस पर 4 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे। अब शासन की स्वीकृति के बाद इन सभी कार्यों को दोबारा पूरा किया जाएगा।

भूमिपूजन में होंगे 40 करोड़ के विकास कार्य शामिल

रविवार को केवल ऑडिटोरियम का ही नहीं, बल्कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कुल 40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया जाएगा। इसमें अरपा नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण, लोधीपारा-सरकंडा-कोनी मार्ग पर पुल, नगर निगम जोन-7 कार्यालय कार्य, खमतराई, फरहदा, मंगला दीनदयाल कॉलोनी, चांटीडीह और नगोई में सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं।

कई प्रमुख जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

इस आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम अरुण साव, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक सहित जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post