गलवान घाटी के वीर गणेश राम की शहादत को 5 साल: तिरंगे में लिपटकर लौटा था बेटा, अब बन रही फिल्म


 

कांकेर के सपूत गणेश राम की शहादत को आज हुए 5 साल, सलमान खान निभा सकते हैं अफसर संतोष बाबू का किरदार

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के गिधाली गांव के सपूत और भारतीय सेना के जवान गणेश राम की गलवान घाटी झड़प में शहादत को आज 15 जून को पांच साल पूरे हो गए। साल 2020 में आज ही के दिन भारत-चीन के बीच हुई हिंसक झड़प में सिपाही गणेश राम देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।

शादी की हो रही थी तैयारी, तिरंगे में लौटे गणेश

उस समय 28 वर्षीय गणेश राम की शादी तय हो चुकी थी। परिवार वाले सेहरा सजाने की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन 15 जून की रात गांव में तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर पहुंचा। गांव में मातम छा गया। गणेश की बहन गंगा ने बताया था कि वो लड़की देखने भी गया था, और घर में जल्द शादी की तारीख निकालने की बात चल रही थी।

LAC पर चीन के खिलाफ दिखाया था शौर्य

गणेश राम ऑपरेशन स्नो लेपर्ड के तहत लद्दाख की गलवान घाटी में तैनात थे। 14 जून 2020 को चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के करीब एक अवैध कैंप फिर से खड़ा कर लिया था। इसे हटाने पहुंचे कर्नल संतोष बाबू और उनकी टीम पर चीनी सैनिकों ने हमला कर दिया। इसके बाद हिंसा भड़क गई, जिसमें 20 भारतीय जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें गणेश राम भी शामिल थे।

वीरता के लिए मिला सेना मेडल

भारतीय सेना ने गणेश राम की बहादुरी और बलिदान को सलाम करते हुए उन्हें 26 जनवरी 2021 को "सेना मेडल" (सेना पदक) से मरणोपरांत सम्मानित किया। उन्होंने अंतिम सांस तक मातृभूमि की रक्षा की।

पारिवारिक हालात और संघर्ष

गणेश के पिता इतवारू राम किसान हैं और थोड़ी-सी जमीन पर खेती करते हैं। परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। गणेश ही घर का इकलौता बेटा था। हाल ही में उनकी छोटी बहन को सरकार से नौकरी मिली है, जिससे परिवार को कुछ राहत मिली है।

शहीदों पर बन रही फिल्म, सलमान निभाएंगे मुख्य किरदार

गलवान घाटी पर आधारित एक फिल्म की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभा सकते हैं। यह फिल्म गलवान में चीन से मुकाबले और भारतीय सेना के शौर्य पर आधारित होगी। सलमान इस रोल के लिए मिलिट्री ट्रेनिंग और स्पेशल डाइट का पालन कर रहे हैं। इससे पहले भी वे सैनिक की भूमिका निभा चुके हैं, लेकिन यह उनका पहला पूर्ण फौजी किरदार होगा।


भारत कभी नहीं भूलेगा ये बलिदान

आज जब देश 2020 की उस रात को याद करता है, तो शहीद गणेश राम जैसे वीरों को नमन करता है, जिन्होंने बिना हथियारों के दुश्मनों से लोहा लिया और भारत की संप्रभुता की रक्षा करते हुए जान न्योछावर कर दी। गणेश राम न सिर्फ कांकेर बल्कि पूरे भारत के युवा वर्ग के लिए प्रेरणा हैं।


देश की सरहदों पर आज भी गणेश राम जैसे हजारों जवान तैनात हैं, जो हर मौसम, हर चुनौती में देश की रक्षा कर रहे हैं।



                                          गणेश के कर्नल संतोष बाबू का कैरेक्टर प्ले कर सकते हैं सलमान।


Post a Comment

Previous Post Next Post