बिलासपुर में मैरिज ब्यूरो की आड़ में बड़ा फर्जीवाड़ा: पति-पत्नी ने मिलकर युवती से की शादी और ठगे 7 लाख रुपये, दोनों गिरफ्तार


 

बिलासपुर, 2 जून 2025
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें मैरिज ब्यूरो चलाने वाली एक महिला ने अपने ही पति की दूसरी शादी करवा दी। आरोपी महिला ने युवती को अपने पति की फर्जी प्रोफाइल भेजकर उसे सरकारी शिक्षक बताया और विवाह के बाद पति ने युवती से लाखों रुपये वसूले। अब पूरे मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम, विश्वास और फिर छल: युवती को मिली बड़ी ठगी की सौगात

घटना सकरी थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित युवती दमयंती चौधरी ने थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण की रहने वाली दमयंती ने बताया कि उसे शादी के लिए योग्य वर की तलाश थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमेरी निवासी चित्रा कुमारी से हुई, जो एक मैरिज ब्यूरो चलाती थी।

चित्रा ने दमयंती को कई प्रोफाइल भेजे, लेकिन वे उसे पसंद नहीं आए। इसके बाद चित्रा ने संजय चौधरी नाम के युवक का प्रोफाइल भेजा, जिसे हरियाणा के सिरसा जिले का निवासी बताया गया और यह दावा किया गया कि वह नवोदय विद्यालय में शिक्षक है। साथ ही, उसका मूल निवास मुंगेली जिले के पठारीकापा गांव का बताया गया। जानकारी और प्रोफाइल से प्रभावित होकर दमयंती ने रिश्ता स्वीकार कर लिया।

गिरौदपुरी में हुई शादी, फिर खुला राज

वर्ष 2024 में दमयंती और संजय की शादी गिरौदपुरी धाम में कराई गई। विवाह के बाद दमयंती अपने नए परिवार के साथ रहने लगी, लेकिन धीरे-धीरे संजय की सच्चाई सामने आने लगी। न तो वह कोई शिक्षक था, और न ही अविवाहित। जांच-पड़ताल में पता चला कि संजय पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। परिवार वालों ने बताया कि संजय की पहली पत्नी उसे छोड़कर तीन साल पहले किसी प्रेमी के साथ भाग गई थी।

भारी धोखा: पहली पत्नी ही निकली मैरिज ब्यूरो संचालिका

दमयंती को शक तब गहराया जब उसने अपने पति संजय के व्यवहार में लगातार बदलाव देखे। एक दिन उसने संजय का मोबाइल चेक किया, जिसमें उसे कुछ चौंकाने वाले सबूत मिले। जांच में पता चला कि मैरिज ब्यूरो चलाने वाली चित्रा कुमारी ही संजय की पहली पत्नी है। दोनों ने मिलकर यह साजिश रची थी।

कमाई का जरिया बना विवाह, युवती से वसूले लाखों

दमयंती ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद उसने खुद का ब्यूटी पार्लर खोलकर परिवार की जिम्मेदारी उठाई। इस दौरान संजय ने उससे लगभग 7 लाख रुपये ऐंठ लिए और उसकी कमाई से कार भी खरीद ली। जब दमयंती ने विरोध किया तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि युवती की शिकायत के बाद IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपी चित्रा कुमारी और संजय सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए थे। लेकिन रविवार को पुलिस ने अमेरी में उनके घर पर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। इस प्रकरण ने मैरिज ब्यूरो के नाम पर हो रहे फर्जीवाड़ों की पोल खोल दी है और पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों से भी संपर्क कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post