प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका: देश की नामी कंपनियों में निशुल्क प्रशिक्षण
धमतरी जिले के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत जिले के बेरोजगार युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे सेल, एनटीपीसी, पीजीसीआईएल, एसईसीएल, जिंदल और एचडीएफसी बैंक में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को मजबूत करना है।
इस योजना के लिए 15 अप्रैल तक पंजीकरण किया जा सकता है। इसके लिए भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक रुद्री और जिले के विभिन्न आईटीआई संस्थानों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इच्छुक युवा इन शिविरों में उपस्थित होकर बिना किसी शुल्क के पंजीकरण और आवेदन कर सकते हैं।
पात्रता की बात करें तो 21 से 24 वर्ष के युवा जो 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक पास हैं, लेकिन वर्तमान में उच्च शिक्षा में पंजीकृत नहीं हैं और न ही किसी नियमित नौकरी में हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आवेदक के परिवार में कोई भी शासकीय सेवा में नहीं होना चाहिए और वार्षिक आय 8 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
युवाओं को https://pminternship.mca.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन लोक सेवा केंद्र या स्वयं के मोबाइल से भी किया जा सकता है। दस्तावेजों में आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, सभी अंकसूचियों की प्रतियां, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी और आधार लिंक मोबाइल नंबर जरूरी होंगे।
यह योजना न केवल युवाओं को प्रशिक्षण का अनुभव दिलाएगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।