गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में करेंगे अहम घोषणाएं
रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज, 4 अप्रैल, को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे और नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में विशेष घोषणाएं कर सकते हैं। राज्य सरकार और प्रशासन ने शाह के दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आज शाम रायपुर पहुंचेंगे गृहमंत्री
अमित शाह का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। वे शुक्रवार शाम 7:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उनका स्वागत करेंगे। शाह राजधानी के एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन, 5 अप्रैल की सुबह बस्तर के लिए रवाना होंगे।
दंतेवाड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शाह के दौरे को देखते हुए दंतेवाड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। यहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें नक्सलवाद के खिलाफ उठाए जाने वाले नए कदमों की घोषणा हो सकती है। साथ ही, वे नक्सल विरोधी अभियान में जुटे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
नक्सलियों के खिलाफ बढ़ती कार्रवाई
गृहमंत्री के इस दौरे से पहले ही बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया गया है। हाल के दिनों में कई बड़े नक्सली एनकाउंटर हुए हैं, जिससे नक्सल संगठन में हड़कंप मचा हुआ है। अमित शाह की यह यात्रा सुरक्षा और विकास के नजरिए से बेहद अहम मानी जा रही है।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्र सरकार की रणनीति पर अमित शाह के इस दौरे के दौरान महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की संभावना है।
