**छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: आज CM हाउस घेरने की तैयारी, बैज बोले- 'BJP सरकार में जनता खौफ में'**
**रायपुर**: छत्तीसगढ़ में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस ने आज बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी कार्यकर्ता और नेता राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। इससे पहले नगर निगम के सामने एक विशाल जनसभा होगी, जिसमें प्रदेश भर से जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे।
**कांग्रेस का दावा- अपराधों ने तोड़ा रिकॉर्ड**
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आंकड़े जारी कर BJP सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का कहना है कि केवल रायपुर में पिछले एक साल में 93 हत्याएं हुईं। पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और अन्य अपराधों की बाढ़ आ गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, "BJP सरकार के 15 महीनों में अपराधी बेखौफ हो गए हैं, जबकि आम जनता डर के साए में जी रही है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तक सुरक्षित नहीं हैं।"
**'कानून व्यवस्था ध्वस्त, सरकार नाकाम'**
बैज ने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "आज हालात ये हैं कि कब कोई नशेड़ी या गुंडा चाकू लेकर किसी की जान ले ले, कोई भरोसा नहीं। BJP सरकार से कानून व्यवस्था संभल नहीं रही। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और जनता खौफ में है।"
**प्रदेश भर से जुटेंगे कार्यकर्ता, सियासी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी**
कांग्रेस का यह आंदोलन सिर्फ प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों से नेता और कार्यकर्ता रायपुर पहुंच रहे हैं। रायपुर शहर और ग्रामीण इलाकों के हर वार्ड से लोग इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगे। सभा में कांग्रेस के सभी विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
**पार्टी ने कसी कमर, जनता को जोड़ने की मुहिम**
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, "यह आंदोलन BJP सरकार को उसकी नाकामी का आइना दिखाने के लिए है। आंकड़े चीख-चीखकर बता रहे हैं कि प्रदेश में अपराध बेकाबू हो चुके हैं। हमने जमीनी स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों से ज्यादा से ज्यादा लोग इस आंदोलन में शामिल होंगे।"
**कांग्रेस का मिशन- सरकार को जगाना**
कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश है। पार्टी इस प्रदर्शन के जरिए BJP सरकार के खिलाफ माहौल बनाने और जनता को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रही है। शुक्ला ने कहा, "यह सरकार सो रही है, इसे जगाने का वक्त आ गया है।"
**आज रायपुर में होगा बड़ा सियासी तूफान**
कांग्रेस का यह आंदोलन आज रायपुर की सड़कों पर एक बड़े सियासी तूफान का रूप ले सकता है। प्रदेश भर की निगाहें इस प्रदर्शन पर टिकी हैं, जो BJP सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। क्या यह आंदोलन कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर दबाव बना पाएगा? यह देखना दिलचस्प होगा।

