छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की वापसी ने एक बार फिर स्वास्थ्य महकमे की चिंताएं बढ़ा दी हैं। भारत में सामने आए कोरोना के दो नए वेरिएंट्स – NB.1.8.1 और LF.7 को लेकर राज्य को सतर्क कर दिया गया है। बीते 48 घंटे में राज्य में तीन नए कोविड संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें दो रायपुर और एक भिलाई से हैं।
भिलाई में 60 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित, जांच जारी
भिलाई के सेक्टर-10 में रहने वाला एक 60 वर्षीय व्यक्ति स्पर्श मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचा था। चिकित्सकों ने एहतियातन उसका कोविड टेस्ट किया, जिसमें वह पॉजिटिव निकला। सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के अनुसार, मरीज का सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसे संक्रमण नए वेरिएंट से हुआ है या किसी पुराने वेरिएंट से।
फिलहाल मरीज स्पर्श अस्पताल में उपचाराधीन है। शुरुआती जांच में उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है, लेकिन उसके कुक के भोपाल से आने की जानकारी मिली है, जिसको भी स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा टेस्ट के लिए बुलाया जा सकता है।
जिलेभर के अस्पतालों को एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग ने दुर्ग जिले के सभी अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने की एडवाइजरी जारी की है। सीएम मेडिकल कॉलेज और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला को कोविड इलाज के लिए विशेष रूप से तैयार रखा गया है। साथ ही, मेडिकल स्टाफ को सतर्क रहने, टेस्टिंग बढ़ाने और सैंपल भेजने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला अस्पताल पूरी तरह तैयार
दुर्ग जिला अस्पताल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट, जंबो सिलेंडर, आइसोलेशन वार्ड और अन्य संसाधनों को पहले से दुरुस्त रखा गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुविधाओं को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
नए वेरिएंट्स ज्यादा संक्रामक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, NB.1.8.1 और LF.7 वेरिएंट्स पहले की तुलना में ज्यादा संक्रामक माने जा रहे हैं। हालांकि इनमें मृत्यु दर को लेकर कोई पुख्ता जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन संक्रमण की तेजी को देखते हुए आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सप्लाई और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश सभी निजी और सरकारी अस्पतालों को दिए गए हैं।
सावधानी ही बचाव
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का उपयोग करें, बार-बार हाथ धोएं, और कोविड के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं। स्वास्थ्य मंत्रालय भी लगातार राज्यों से संपर्क में है और संक्रमण की स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
