भिलाई में प्रॉपर्टी डीलर से 1.30 करोड़ की ठगी: शेयर ट्रेडिंग में दुगुना रिटर्न का झांसा देकर फरार हुए चार आरोपी, पुलिस जांच में जुटी


                                                   वैशाली नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भिलाई, छत्तीसगढ़। शेयर मार्केट में पैसा दुगुना करने का लालच एक प्रॉपर्टी डीलर को भारी पड़ गया। कोहका निवासी ज्ञान प्रकाश साहू से चार लोगों ने मिलकर 1 करोड़ 30 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी खुद को शेयर ट्रेडिंग कंपनी के संचालक बताकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए निवेश पर अधिक रिटर्न का दावा कर रहे थे। शुरुआत में कुछ लाभ मिलने के बाद पीड़ित ने 3 वर्षों में बड़ी रकम निवेश कर दी, लेकिन जब मूलधन भी वापस नहीं मिला तो मामला सामने आया।

जानकारी के मुताबिक ज्ञान प्रकाश साहू 'माइंड एंड मेमोरी' नामक कंपनी चलाते हैं और साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। वर्ष 2019 में उनकी मुलाकात चार व्यक्तियों से हुई, जिन्होंने खुद को रोबो टेडर्स एफएस लिमिटेड और इंफिनॉक्स कैपिटल नामक कंपनियों का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने दावा किया कि वे एआई तकनीक से शेयर मार्केट में निवेश कर पैसा दुगुना कराते हैं और 10 प्रतिशत का निश्चित रिटर्न भी देते हैं।

झांसे में आकर ज्ञान प्रकाश ने पहले छोटी राशि निवेश की, जिससे प्रारंभ में लाभ मिला। इसके बाद 2019 से 2022 तक कुल 1.30 करोड़ रुपए निवेश कर डाले। लेकिन समय बीतने के बाद जब ना पैसा दुगुना हुआ और ना ही रिटर्न मिलने लगा, तो उन्होंने ठगे जाने का अंदेशा जताया।

जुलाई 2023 में आरोपियों ने एक एग्रीमेंट कर मूलधन लौटाने की बात मानी, लेकिन कई महीनों तक टाल-मटोल करते रहे। अंततः साहू ने वैशाली नगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी सहायता से जल्द आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की जाएगी।

ठगी के मामलों में बरतें सतर्कता:
पुलिस और वित्तीय सलाहकारों की मानें तो इस तरह की योजनाएं जिनमें अत्यधिक रिटर्न और कम जोखिम का दावा किया जाए, आमतौर पर धोखाधड़ी से जुड़ी होती हैं। निवेश से पहले कंपनी की वैधता की जांच जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post