भिलाई में दर्दनाक हादसा: सरिया लोड ट्रेलर की चपेट में आए चाचा-भतीजा


                                                      मृतक चाचा मोहनीश और भतीजा सोहान


दुर्ग, छत्तीसगढ़। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत चरोदा में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। रायपुर से दुर्ग की ओर आ रहे सरिया से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो लोगों को कुचल दिया। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है।

हादसे में बाइक चला रहे 18 वर्षीय मोहनीश कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय भतीजा सोहान कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों मूलतः उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के अदमपुर गांव के निवासी थे और यहां कपड़े की फेरी करने का काम करते थे।

तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर रौंदता चला गया

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के अनुसार, ट्रेलर (MP 04 HE 9799) रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहा था। चरोदा में मिडिल कट के पास बाइक सवारों ने सड़क पार करने की कोशिश की, तभी ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह दोनों के ऊपर से गुजर गया।

मौके पर भीड़, ड्राइवर फरार, फिर गिरफ्तार

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और मालिक को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

फेरी का काम कर लौट रहे थे दोनों

जानकारी के अनुसार मोहनीश कुरैशी भिलाई के जामा मस्जिद पावर हाउस इलाके में किराये से रहकर कपड़ों की फेरी का काम करता था। उसका भतीजा सोहान कुछ दिन पहले ही उत्तर प्रदेश से आया था और अपने चाचा के साथ काम सीखने के लिए निकला था। शनिवार को दोनों रायपुर से फेरी का काम खत्म कर लौट रहे थे।

अस्पताल में मृत घोषित, परिजनों को सौंपे गए शव

दोनों को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

पुलिस जुटी जांच में

फरार चालक को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अब हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है। ट्रेलर मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि चालक के पास वैध दस्तावेज थे या नहीं और ट्रेलर की गति नियंत्रण में क्यों नहीं थी। साथ ही CCTV फुटेज की मदद से भी हादसे की सच्चाई पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post