बिलासपुर में गुरुवार और शुक्रवार को लगातार हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हमलों में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं।
तोरवा क्षेत्र में जानलेवा हमला
तोरवा थाना क्षेत्र के तितली चौक पर गुरुवार की रात एक युवक पर आदतन बदमाश और उसके साथियों ने घातक हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, टिकरापारा निवासी राहुल गोस्वामी का सिरगिट्टी क्षेत्र के बदमाश इस्माइल खान से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर इस्माइल खान ने अपने साथियों अमन, गुलशन, अभय चौहान, रिजवान, सम्मी खान, इमरान और कुणाल के साथ मिलकर राहुल और उसके साथी पर बेसबॉल, डंडे और चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल और रुपए भी लूट लिए।
राहगीरों की मदद से घायल राहुल और उसके साथी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर राहुल को निजी अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बाद में पीड़ित पक्ष बड़ी संख्या में थाने पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए हमलावरों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सरकंडा में युवक पर हमला
गुरुवार दोपहर सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में भी खून-खराबे की वारदात हुई। यहां चिंटू साहू मंदिर के पास बैठा था, तभी मोहल्ले का प्रमोद साहू उससे पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और प्रमोद के बड़े भाई प्रदीप साहू तथा पिता सिद्धराम साहू भी मौके पर आ गए। तीनों ने मिलकर चिंटू की पिटाई की। इस दौरान प्रमोद घर के अंदर से सब्जी काटने वाली छिलनी लेकर आया और चिंटू के पेट में घोंप दी। गंभीर हालत में चिंटू को परिजनों ने सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया।
चिंटू की मामी संगीता साहू की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सिविल लाइन क्षेत्र में दो पक्षों का विवाद
शुक्रवार को सिविल लाइन क्षेत्र के मिशन अस्पताल परिसर में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। झगड़े में एक युवक घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों की भीड़ थाने पहुंच गई और पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मिथलेश सेनरी, नतीन सिंह, शाहिद हुसैन, प्रयास सहिस, दिलीप धृतलहरे, रोहन धृतलहरे और रोहित धृतलहरे शामिल हैं। पुलिस ने सभी पर अपराध दर्ज करने के साथ ही शांति बनाए रखने की समझाइश दी। बावजूद इसके दोनों पक्ष दोबारा विवाद में उलझ गए, जिस पर पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
लगातार घटनाओं से चिंता
शहर में चाकूबाजी और हिंसक वारदातों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। सात महीनों में 120 चाकूबाजी और सात हत्या की घटनाओं के बाद अब फिर से इन घटनाओं का दोहराव पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। लोग लगातार हो रहे अपराधों से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए, ताकि शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।