सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ की रिलीज डेट का ऐलान, मेकर्स ने फिर अपनाया खास फॉर्मूला
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ (Sikandar) की रिलीज डेट का खुलासा हो गया है। सलमान ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म 30 मार्च 2025, रविवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस अनाउंसमेंट के साथ ही मेकर्स ने एक बार फिर पारंपरिक शुक्रवार रिलीज की बजाय अलग रणनीति अपनाने का फैसला किया है, जैसा कि पहले ‘टाइगर 3’ के साथ देखा गया था।
रविवार को क्यों रिलीज हो रही है ‘सिकंदर’?
आमतौर पर फिल्में शुक्रवार को रिलीज होती हैं ताकि शुरुआती वीकेंड में अच्छी कमाई कर सकें। लेकिन ‘सिकंदर’ को रविवार, 30 मार्च को रिलीज करने के पीछे एक खास वजह है। इस दिन गुड़ी पड़वा का त्योहार मनाया जाएगा, जो महाराष्ट्र में बड़े स्तर पर सेलिब्रेट किया जाता है। इसके अगले ही दिन 31 मार्च को ईद है। यानी फिल्म को दो बड़े त्योहारों का फायदा मिलेगा, जिससे बॉक्स ऑफिस पर इसकी ओपनिंग जबरदस्त हो सकती है।
‘सिकंदर’ में दिखेगी नई जोड़ी
‘सिकंदर’ का निर्देशन ए. आर. मुरुगदास कर रहे हैं, जो एक्शन फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। वहीं, इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं साजिद नाडियाडवाला। इस फिल्म में सलमान खान के साथ पहली बार रश्मिका मंदाना नजर आएंगी, जिससे फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
सलमान खान की यह फिल्म 2025 की सबसे बड़ी रिलीज़ में से एक मानी जा रही है। अब देखना होगा कि त्योहारों के चलते यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है!

