भिलाई स्टील प्लांट में फिर हादसा: क्रेन की स्प्रिंग टूटकर मजदूर पर गिरी, हड़कंप मचा!
भिलाई: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में एक बार फिर से लापरवाही भारी पड़ी। मंगलवार रात प्लेट मिल में काम के दौरान क्रेन की भारी-भरकम स्प्रिंग टूटकर मजदूर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद प्लांट में अफरातफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा?
मंगलवार रात करीब 8 बजे प्लेट मिल में क्रेन नंबर 34 के नीचे काम चल रहा था। अचानक क्रेन की स्टॉपर स्प्रिंग टूट गई और झूलने लगी। मजदूरों ने खतरे को भांपते हुए चेतावनी दी, लेकिन सेफ्टी डिपार्टमेंट के लोग मौके पर नहीं पहुंचे।
इसी दौरान दो क्रेन ऑपरेटर क्रेन को चलाने लगे, बिना यह देखे कि नीचे एक मजदूर काम कर रहा है। जैसे ही क्रेन चली, 30 किलो वजनी लोहे की स्प्रिंग का बड़ा टुकड़ा मजदूर लक्ष्मण प्रसाद (45 वर्ष) के कंधे पर आ गिरा। तेज चोट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।
मजदूरों का आक्रोश – अगर सिर पर गिरती तो मौत तय थी!"
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर स्प्रिंग मजदूर के सिर पर गिरती तो उसकी जान जा सकती थी। साथी मजदूरों ने शोर मचाया, जिसके बाद मेडिकल टीम उसे लेकर मेन मेडिकल पोस्ट पहुंची। डॉक्टरों ने बताया कि शरीर पर गहरी चोट लगने से मजदूर बेहोश हो गया था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे सेक्टर 9 हॉस्पिटल रेफर किया गया।
जल्दबाजी में डिस्चार्ज करने पर भड़की यूनियन
घायल लक्ष्मण प्रसाद को कुछ ही घंटे में डिस्चार्ज कर दिया गया, जिसे लेकर मजदूर यूनियन भड़क गई। सीटू यूनियन ने आरोप लगाया कि बीएसपी प्रबंधन ने मामले को दबाने के लिए घायल को जल्दी छुट्टी दे दी। यूनियन ने यह भी मांग की कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो और सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बीएसपी में लगातार हो रहे हादसे, फिर भी लापरवाही जारी!
यह पहला मौका नहीं है जब बीएसपी में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते हादसा हुआ हो। पिछले कुछ महीनों में कई मजदूरों की जान पर बन आई है, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही जारी है। मजदूर संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर सुरक्षा उपायों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
क्या बीएसपी प्रबंधन इस हादसे से सबक लेगा, या फिर मजदूरों की जान जोखिम में बनी रहेगी?
