भिलाई में मक्के के खेत में मिला युवक का शव, झारखंड से था संबंध, पुलिस जांच में जुटी
झारखंड का रहने वाला था मृतक
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मक्के के खेत के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक झारखंड का निवासी था और बैंगलोर में काम करता था। वह अपने दोस्त के साथ झारखंड जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था, लेकिन भिलाई तीन रेलवे स्टेशन पर अचानक उतर गया। इसके बाद अगले दिन उसकी लाश खेत के पास मिली।
किसान को मिली लाश की सूचना
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि बुधवार सुबह किसान पुनीत निर्मलकर के बेटे चूड़ामणि निर्मलकर ने पुलिस को सूचना दी कि सिरसा कला से देवबलौदा जाने वाले रास्ते में उसके खेत के किनारे एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक युवक झारखंड का निवासी था और बैंगलोर में नौकरी करता था। वह अपने दोस्त के साथ ट्रेन से झारखंड के लिए निकला था, लेकिन मंगलवार को अचानक भिलाई तीन स्टेशन पर उतर गया।
मंगलवार रात को उसे सिरसा कला के एक होटल में देखा गया था। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव मक्के के खेत के किनारे मिला। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया।
रात में कुत्ते कर रहे थे पीछा
जांच के दौरान गांव के लोगों ने बताया कि मंगलवार की रात कुत्ते काफी भौंक रहे थे। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति को कुत्ते दौड़ा रहे थे और वह खेत की ओर भाग रहा था। इसके बाद उसकी कोई खबर नहीं मिली, लेकिन सुबह उसका शव मिला।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस इस मामले में हत्या और दुर्घटना दोनों कोणों से जांच कर रही है। अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि मृतक जब झारखंड जा रहा था, तो अचानक भिलाई तीन क्यों और किसके साथ उतरा? वह रेलवे स्टेशन से देवबलौदा मार्ग तक कैसे पहुंचा? और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?
फिलहाल पुलिस इस रहस्यमयी मौत की जांच में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।
