बलौदाबाजार अग्निकांड: आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कोर्ट में पेश कर मांगी रिमांड
बलौदाबाजार। 10 जून 2024 को बलौदाबाजार कलेक्टर कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भुवनेश्वर डहरिया समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उनकी रिमांड की मांग की है
अब तक 191 आरोपी गिरफ्तार, तलाश जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि इस हिंसक घटना के बाद से पुलिस अब तक 191 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से कई आरोपियों को कोर्ट से जमानत भी मिल चुकी है। बावजूद इसके, पुलिस अब भी अग्निकांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है
गिरफ्तार किए गए आरोपी
1. दीपक धृतलहरे (32) – निवासी दशरमा
2. सुशील बंजारे (32) – निवासी भाटागां
3. भुवनेश्वर सिंह डहरिया (27) – निवासी गार्डन चौक, बलौदाबाजा
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 15-16 मई 2024 की रात गिरौधपुरी धाम में सतनामी समाज के धार्मिक स्थल जैतखाम में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन समाज के लोग न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस मांग को स्वीकारते हुए जांच के आदेश भी दिए थे।
इसके बाद, 10 जून 2024 को जैतखाम में तोड़फोड़ के विरोध में हजारों प्रदर्शनकारी बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट के पास एकत्र हुए। लेकिन यह विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया और उपद्रवियों ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय में आग लगा दी
12.53 करोड़ की संपत्ति का नुकसान
इस हिंसा में सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ। प्रशासन के मुताबिक, 12.53 करोड़ रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। मामले में अब तक 43 अलग-अलग केस दर्ज कर 187 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, और अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज हो गई है।
पुलिस की ओर से जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।