तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त – पुलिस ने चालक पर दर्ज किया केस
रायगढ़। छाल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी, जिससे एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सामूहिक विवाह समारोह में जा रहे थे परिवार के लोग
राजेश महिलाने ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वे अपने पिता सुखराम महिलाने, छोटे भाई राजेंद्र महिलाने और अन्य परिजनों के साथ स्कॉर्पियो (सीजी 13 एजे 4433) में सवार होकर ग्राम डुमरडीह जा रहे थे। जब वे सुबह करीब 7 बजे घरघोड़ा के देउरमाल के पास पहुंचे, तो उन्होंने स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी कर दी और सभी लोग बाथरूम के लिए बाहर निकले।
ट्रेलर की टक्कर से गई बुजुर्ग की जान
इसी दौरान घरघोड़ा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (क्रमांक 13 एपी 4527) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सुखराम महिलाने को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर के पहियों के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे में अर्जुन निराला, संजय महिलाने और ईश्वर महिलाने घायल हो गए। वहीं, स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रेलर चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
