**छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: रायपुर-दुर्ग समेत 12 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, अगले 5 दिन बौछारों के आसार**

 **छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: रायपुर-दुर्ग समेत 12 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, अगले 5 दिन बौछारों के आसार**

छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप जारी है, लेकिन मौसम ने फिर करवट ली है। रायपुर, दुर्ग सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। आज रायपुर, दुर्ग, कोरबा, महासमुंद, बेमेतरा, जांजगीर, बलौदाबाजार, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, कोंडागांव और बीजापुर में बूंदाबांदी हो सकती है। गुरुवार को सरगुजा संभाग के पेंड्रा, बलरामपुर और अन्य इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे।





**वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर*  

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण आंधी और बारिश की स्थिति बन रही है। अगले कुछ दिन प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। आज बादलों की मौजूदगी से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को राजनांदगांव में तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था।

**रायपुर में गर्मी के बीच राहत की उम्मीद**  

गुरुवार को रायपुर में दिन में तेज धूप ने लोगों को परेशान किया, लेकिन शाम ढलते ही मौसम में बदलाव आया। रात में तेज हवाओं ने मौसम को सुहाना कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर में धूप और छांव का मिश्रित मौसम रहेगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री था, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा था, जबकि न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री रहा। आज दिन का तापमान 42 डिग्री के करीब रह सकता है।

**बिलासपुर में भी बारिश की संभावना**  

बिलासपुर में गुरुवार को दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का अहसास कराया। इसके बाद आसमान में बादल छाए और रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे रात के समय लोगों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

**सरगुजा में बारिश और ओलावृष्टि**  

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से गुरुवार शाम को सरगुजा संभाग में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। बलरामपुर में कई जगहों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। बारिश और ठंडी हवाओं ने सरगुजा के लोगों को गर्मी से राहत दी। गुरुवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री दर्ज किया गया।

**आगे और बढ़ेगी गर्मी**  

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल का तीसरा और चौथा सप्ताह गर्मी के लिहाज से और चुनौतीपूर्ण होगा। इस दौरान हीट वेव की स्थिति बन सकती है। दिन का तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक हो सकता है और 43-44 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में भी गर्म हवाएं परेशान कर सकती हैं। रायपुर में इस अप्रैल दिन और रात का तापमान सामान्य से कुछ ज्यादा रहने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post