**भिलाई रेप-मर्डर केस: विधायक देवेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा- पुलिस जांच से असंतुष्ट परिजन, हो सीबीआई जांच**

 **भिलाई रेप-मर्डर केस: विधायक देवेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा- पुलिस जांच से असंतुष्ट परिजन, हो सीबीआई जांच**

दुर्ग जिले में 6 साल की मासूम के साथ रेप और हत्या के मामले में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। अपने समाज के नेता को देखकर परिजन भावुक हो गए और उनकी आंखें छलक पड़ीं। उन्होंने विधायक से कहा कि पुलिस की जांच संदिग्ध और अस्पष्ट है। इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की।

मुलाकात के बाद देवेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। बच्ची के माता-पिता ने बताया कि पुलिस की जांच में कई खामियां हैं। देर रात उनके परिवार की महिलाओं और बच्चों को जबरन उठाकर ले जाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। बच्ची के चाचा को गलत तरीके से इस मामले में बलात्कारी और हत्यारा ठहराया जा रहा है।



परिजनों ने विधायक से सीबीआई जांच की गुहार लगाई। देवेंद्र यादव ने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। जब परिवार स्पष्ट रूप से सीबीआई जांच की मांग कर रहा है, तो सरकार को इसमें देरी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार सीबीआई जांच से क्यों हिचक रही है? उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और पूरा यादव समाज उनके दुख में सहभागी है।

**दो दिन पहले दीपक बैज ने भी की थी मुलाकात**  

इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। उस दौरान भी परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग रखी थी। बैज ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। घटना के समय पूरा परिवार घर के निचले हिस्से में था। ऐसे में सवाल उठता है कि यह जघन्य अपराध कहां और कैसे हुआ? बच्ची का शव उस कार में कैसे पहुंचा? ये सवाल न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज के मन में कौंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में सच सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post