कमरा 208 में मिला युवक का शव, होटल में फांसी पर झूलता मिला नेटवर्क मार्केटिंग करने वाला किशोर
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक होटल के कमरे में युवक की लाश फांसी के फंदे से लटकी मिली है। मृतक की पहचान किशोर कुमार वैष्णव के रूप में हुई है, जो बिलासपुर जिले के डंगनिया गांव का निवासी था। युवक नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़ा था और इसी काम के सिलसिले में एक अप्रैल को धमतरी आया था। वह शहर के नए बस स्टैंड के पास स्थित आशियाना होटल में ठहरा हुआ था।
सोमवार को होटल में तेज दुर्गंध फैलने पर कर्मचारियों को शक हुआ। जब उन्होंने छानबीन की तो बदबू कमरे नंबर 208 से आ रही थी। इसकी जानकारी होटल संचालक को दी गई। संचालक मौके पर पहुंचा और जब खिड़की से झांककर देखा तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए—एक युवक फांसी के फंदे पर झूल रहा था। कमरा अंदर से बंद था।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि युवक 1 अप्रैल को होटल में ठहरा था और तभी से वहीं रुका हुआ था। मृतक के परिजनों को खबर दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद ही कमरे का दरवाजा खोला जाएगा।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या थी या मामला कुछ और है। होटल और इलाके में इस घटना के बाद सनसनी का माहौल है।
