बुर्का में घुसा, टूटी टांग ने पकड़वाया: रायपुर में 30 लाख की चोरी का पर्दाफाश

 बुर्का में घुसा, टूटी टांग ने पकड़वाया: रायपुर में 30 लाख की चोरी का पर्दाफाश

रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित श्री शिवम कपड़ा शोरूम में हुई 30 लाख की बड़ी चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक शोरूम का कर्मचारी ही निकला। हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी ने खुद को पहचान से बचाने के लिए बुर्का पहनकर चोरी को अंजाम दिया, लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया – छत से उतरते वक्त गिरा और टांग टूट गई, जो उसकी गिरफ्तारी की वजह बनी।



CCTV में कैद हुआ चोरी का ड्रामा

घटना 31 मार्च की रात की है, जब आरोपी राजेश टंडन बुर्का पहनकर शोरूम में दाखिल हुआ। वह पहले से ही स्टाफ का हिस्सा था और उसे शोरूम की हर गतिविधि की जानकारी थी। रात करीब 9:30 बजे वह स्टोर रूम में छिप गया और शोरूम बंद होने के बाद कैश काउंटर से लगभग 30 लाख रुपये निकाल लिए। फिर छत के जरिए भागने की कोशिश की, लेकिन रस्सी टूट गई और वह दूसरी मंजिल से गिर पड़ा, जिससे उसकी टांग टूट गई। ये सारा वाकया CCTV कैमरे में कैद हो गया।

प्लास्टर बना सुराग

जब क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की, तो शक की सुई शोरूम के कर्मचारी राजेश टंडन पर गई। पूछताछ के दौरान राजेश का प्लास्टर किया हुआ पैर पुलिस की नजर में आया। मोबाइल लोकेशन और कड़ी पूछताछ के बाद राजेश ने सच्चाई उगल दी।



परिवार भी शामिल था साजिश में राजेश ने बताया कि इस चोरी की साजिश उसने अपने दो मामा – परमेश्वर बघेल और सुरेश कुमार दीवान – और एक दोस्त मोहनीश श्रीवास्तव के साथ मिलकर रची थी। शोरूम में अकेला राजेश ही गया था, बाकी आरोपी बाहर गाड़ी में मौजूद थे। जब राजेश गिरा, तो साथियों ने उसे गाड़ी में बैठाकर फरार कर दिया।

17 लाख कैश और लग्जरी सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों से 17 लाख रुपये नकद, दो कारें, एक एक्टिवा, एक पल्सर बाइक और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। रायपुर ग्रामीण ASP कीर्तन राठौर ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर बाकी रकम की बरामदगी के लिए पूछताछ की जाएगी।

एक कर्मचारी की लालच और एक टूटे पैर ने खोल दिया 30 लाख की चोरी का राज।




Post a Comment

Previous Post Next Post