**कोरबा में गुंडागर्दी: शादी से लौट रहे 4 युवकों पर 6 लोगों ने बोला हमला, दो गंभीर, महिला भी शामिल**

**कोरबा में गुंडागर्दी: शादी से लौट रहे 4 युवकों पर 6 लोगों ने बोला हमला, दो गंभीर, महिला भी शामिल**

कोरबा. शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब चार युवकों को रास्ते में रोककर छह लोगों ने बेरहमी से उनकी पिटाई कर दी। तेज बाइक चलाने का आरोप लगाकर किए गए इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों में एक महिला भी शामिल थी। घटना जटगा चौकी क्षेत्र के मातिन गांव की है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।

**क्या है पूरा मामला?**  

पसान थाना के कोरबी चौकी क्षेत्र के पुटीपखना गांव के चार युवक शनिवार को मातिन गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में छह लोगों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने तेज बाइक चलाने का बहाना बनाकर युवकों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई में संत कुमार और राकेश कुमार के सिर में गहरी चोटें आईं, जिससे दोनों बेहोश हो गए। 

**हमलावर फरार, पुलिस में शिकायत**  

पिटाई के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवकों ने किसी तरह बांगो थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने सुरेश, राजपाल, राजू, सूरज, एक महिला और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

**इलाके में दहशत**  

इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते में इस तरह की गुंडागर्दी से रात में आवागमन करना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post