**रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का बदलेगा मिजाज, अगले 48 घंटों में तापमान में इजाफा, आज बारिश और बिजली गिरने की संभावना**
रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। आने वाले दिनों में गर्मी लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान जताया है। मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। रविवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन और बिजली गिरने की संभावना है।
**सिनोप्टिक स्थिति**
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ 32° उत्तर अक्षांश और 70° पूर्व देशांतर के उत्तर में मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में सक्रिय है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। इसके अलावा, एक अन्य गर्त मध्य पाकिस्तान से शुरू होकर दक्षिण उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल और मध्य बांग्लादेश तक फैला हुआ है, जो समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर है।