धमतरी में 6 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम को उग्र प्रदर्शन किया गुस्साए
कांग्रेसी शाम 5 बजे राजीव भवन से नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला जलाया। जैसे ही पुतला आग की लपटों में घिरा, टीआई राजेश मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जलता पुतला छीनने की कोशिश की, जिसके चलते कांग्रेसियों और पुलिस के बीच करीब 5 मिनट तक धक्का-मुक्की हुई। आखिरकार पुलिस ने पानी डालकर आग बुझाई और पुतले को टुकड़ों में फाड़ दिया। इसके बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी जारी रखी।
प्रदर्शन के दौरान पीसीसी संयुक्त महामंत्री पंकज महावर ने गृहमंत्री विजय शर्मा के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और प्राकृतिक संसाधनों की लूट में डूबी हुई है, जिसके चलते कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उनका कहना था कि सरकार के संरक्षण में अपराधी बेखौफ हो गए हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में मोहन लालवानी, शहर अध्यक्ष आकाश गोलछा, राजेश ठाकुर, सूर्यप्रभा चेटियार, योगेश शर्मा, घनश्याम साहू, नरेन्द्र सोनवानी, होरीलाल साहू, दीपक सोनकर, सुमन मेश्राम, विशु देवांगन, सोमेश मेश्राम, आशुतोष खरे, अंबर चन्द्राकर, खिलेन्द्र साहू, उदित साहू, कुलेश्वर देवांगन, गणेशी कामड़े सहित कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।