बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: पत्नी का खून से लथपथ शव, फंदे पर झूलता मिला पति, हत्या और सुसाइड का शक
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर में पति-पत्नी की लाश ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी। महिला का शव खून में डूबा हुआ था, जबकि पति फंदे पर लटकता मिला। पुलिस को शक है कि पति ने पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। यह चौंकाने वाला मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी इलाके का है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम उमरिया के रहने वाले सुखसिंह बैगा (55) मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे। उनकी पत्नी कुंवारिया बाई (50) और छोटा बेटा दिलेश (11) उनके साथ रहते थे, जबकि बड़ा बेटा चुन्नी लाल दूसरे गांव में मजदूरी करता है। रविवार की रात सुखसिंह ने पत्नी से पैसे मांगे, लेकिन कुंवारिया ने पैसे देने से मना कर दिया। बस इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि सुखसिंह ने पत्नी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। यह देख छोटा बेटा दिलेश डर के मारे घर से भागकर पास के मामा के घर चला गया और वहीं रात गुजार दी।
सुबह खुला खौफनाक मंजर
सोमवार की सुबह जब दिलेश घर लौटा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां कुंवारिया का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, और पिता सुखसिंह कमरे में फंदे से लटक रहे थे। बच्चे ने शोर मचाया और पड़ोसियों को बुलाया। गांव वालों ने तुरंत बेलगहना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
हत्या के बाद सुसाइड की आशंका
पुलिस ने दिलेश से पूछताछ की और प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया कि सुखसिंह ने गुस्से में पत्नी की हत्या की होगी और फिर खुद को फांसी पर लटका लिया। चौकी प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा और आगे की कार्रवाई होगी।
रोज का था झगड़ा, इसलिए किसी ने नहीं लिया seriously
गांव वालों ने पुलिस को बताया कि सुखसिंह और कुंवारिया के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। छोटी-छोटी बातों पर दोनों की नोकझोंक आम थी। इसीलिए रविवार की रात उनके बीच हुए विवाद को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह झगड़ा इतना भयानक मोड़ ले लेगा।
फिलहाल, पुलिस इस रहस्यमयी मामले की गहराई से जांच कर रही है। क्या यह सिर्फ गुस्से का नतीजा था या इसके पीछे कोई और राज छिपा है? पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। तब तक यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
