कन्या भोज में गई मासूम की कार में मिली लाश, हिंसा भड़की: संदेही के घर और वाहन में तोड़फोड़, आगजनी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रामनवमी के दिन कन्या भोज के लिए निकली 6 साल की मासूम बच्ची की लाश एक कार में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है, जहां बच्ची रविवार सुबह पास के मंदिर में आयोजित कन्या भोज में शामिल होने गई थी और फिर वापस नहीं लौटी
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शाम को बच्ची का शव एक पड़ोसी युवक की कार में पाया गया, जो उसके घर के पास ही पार्क थी। कार लॉक थी और उसी युवक ने आकर बताया कि बच्ची अंदर है। जब दरवाजा खोला गया तो शव सीट के नीचे पड़ा था।
शव पर गंभीर चोटों के निशान
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मासूम के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। शव के चेहरे पर खरोंच, होंठ और नाक से खून के निशान और हाथ-पैर अकड़े हुए थे। प्रारंभिक मेडिकल जांच में बच्ची की मौत का कारण इलेक्ट्रिक शॉक बताया गया है, हालांकि विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
आक्रोशित भीड़ का फूटा गुस्सा
घटना की जानकारी जैसे ही इलाके में फैली, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी की कार में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इसके बाद भी जब आक्रोश शांत नहीं हुआ तो देर रात भीड़ ने युवक के घर को आग के हवाले कर दिया। आग में घर के बाहर खड़ी बाइक भी जल गई।
पुलिस बल तैनात, जांच जारी
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
"सुबह हंसते हुए गई थी, शाम को लाश मिली" - माँ की टूटी आवाज
बच्ची की मां और परिजन सदमे में हैं। मां ने रोते हुए कहा, “मेरी बेटी सुबह रामनवमी पर हंसते हुए कन्या भोज में गई थी, लेकिन शाम को उसकी लाश मिली।”
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

