भिलाई के इंजीनियरिंग कॉलेज में फेस्ट के दौरान बवाल, भाजपा नेता का बेटा विवाद में शामिल
भिलाई: शहर के कुरुद कोहका रोड पर स्थित रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज में 7 अप्रैल की शाम आयोजित वार्षिक "व्योम फेस्ट" के दौरान दो छात्र गुटों में तनाव भड़क उठा, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में भाजपा के भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के बेटे वैभव देवांगन का नाम भी सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज के बीबीए सेकंड ईयर का छात्र ऋषि कादयान (18), निवासी सेक्टर-5, किसी बात को लेकर एक छात्रा से उलझ गया था। इस छात्रा ने मामले की जानकारी वैभव देवांगन को दी। कुछ ही देर में वैभव अपने साथियों सोमू देवांगन समेत अन्य लड़कों को लेकर कॉलेज पहुंच गया और ऋषि पर हमला बोल दिया।
हिंसा यहीं नहीं रुकी। आरोप है कि हमलावरों ने ऋषि की लाल कार और एक स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया। मारपीट में ऋषि को आंख, पीठ और हाथ में चोटें आईं। ऋषि ने तुरंत जामुल पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित का दावा है कि हमलावरों ने खुलेआम अपने राजनीतिक रसूख की धमकी दी और कहा कि "सरकार हमारी है, कुछ नहीं बिगाड़ सकते।" इतना ही नहीं, आरोप है कि वैभव ने एक पुलिस अधिकारी को फोन कर यह निर्देश भी दिया कि अगर पीड़ित शिकायत दर्ज कराने आए, तो उसे थाने में सबक सिखाया जाए।
काफी हंगामे और भीड़ जुटने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, शिकायत के कई घंटे बाद ही पुलिस ने वैभव देवांगन और सोमू देवांगन के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 296, 351(2), 115(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।
प्रशासन पर उठे सवाल
घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या राजनीतिक पहुंच के दबाव में पुलिस कार्रवाई धीमी रही? कॉलेज प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी छात्र असंतुष्ट नजर आए। अब यह देखना होगा कि जांच निष्पक्ष होती है या फिर यह मामला भी दबा दिया जाएगा।

