नवरात्र मेले में नाबालिग की गुंडागर्दी: झूला ऑपरेटर को चाकू से दी धमकी, ऑनलाइन मंगवाया था हथियार
कोरबा: जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में चैत्र नवरात्र के दौरान आयोजित मेले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग ने झूले वाले को चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की। यह घटना SECL कालीबाड़ी इलाके में लगे मेले की है, जहां सोमवार की शाम एक किशोर ने फ्री में झूला झुलाने की मांग की, और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दे डाली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाबालिग ने झूला ऑपरेटर से कहा, “मुफ्त में झुलाओ, नहीं तो चाकू पेट में घोंप दूंगा।” यह पूरी घटना मेले में मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ऑनलाइन खरीदा था चाकू, पुलिस ने जब्त किया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नाबालिग ने यह चाकू किसी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से मंगवाया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिसकर्मी संजय रात्रे और हितेश राव पहुंचे और नाबालिग को तुरंत काबू में लेकर चाकू जब्त किया।
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि नाबालिग को परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
सवालों के घेरे में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म
इस घटना ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिना निगरानी के बेचे जा रहे खतरनाक सामानों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। आखिर एक नाबालिग इतनी आसानी से चाकू कैसे मंगवा सकता है? यह मामला सिर्फ एक छोटी घटना नहीं, बल्कि आने वाले समय में बड़ी चुनौती का संकेत हो सकता है यदि समय रहते इस पर लगाम न लगाई जाए।
मेला आयोजन पर भी उठे सवाल
इस घटना ने मेला आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या आयोजकों ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे? पुलिस प्रशासन से अब उम्मीद की जा रही है कि वो सुरक्षा और निगरानी को लेकर सख्त कदम उठाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं ना दोहराई जाएं।

