छत्तीसगढ़ को मिला रेलवे का बड़ा तोहफा, बलौदाबाजार से नवा रायपुर तक नई रेल लाइन
छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का विस्तार करते हुए केंद्र सरकार ने एक बड़ी परियोजना को हरी झंडी दे दी है। खरसिया से नवा रायपुर होते हुए परमलकसा तक 278 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिस पर लगभग 8741 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परियोजना से राज्य के 8 ज़िलों — रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बिलासपुर, बलौदाबाजार, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव — को सीधा लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि यह परियोजना बलौदाबाजार जैसे पिछड़े क्षेत्रों के लिए विकास का नया रास्ता खोलेगी। इस क्षेत्र को पहली बार सीधे रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे औद्योगिक इकाइयों, खासकर सीमेंट फैक्ट्रियों की स्थापना की संभावना बढ़ेगी। साथ ही कोयला, इस्पात, सीमेंट, उर्वरक और कृषि उत्पादों की माल ढुलाई में जबरदस्त सुधार आएगा।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना से हर साल लगभग 887.7 लाख टन अतिरिक्त माल ढोया जा सकेगा, जिससे रेलवे की क्षमता में भारी इजाफा होगा। पर्यावरण के लिहाज़ से भी यह योजना अहम मानी जा रही है — इससे करीब 95 करोड़ लीटर डीजल की खपत में कमी आएगी और कार्बन उत्सर्जन में लगभग 477 करोड़ किलो की गिरावट होगी, जो 19 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर माना जा रहा है।
परियोजना के तहत 19 नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे 3350 गांवों और लगभग 47.25 लाख लोगों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने देश के अन्य हिस्सों में भी रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए चार नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे कुल 1247 किमी अतिरिक्त रेल मार्ग तैयार होगा।
