धमतरी में शराब दुकान हटाने की मांग तेज! महिलाओं का प्रदर्शन, बोलीं – बच्चों तक पहुंच रहा नशा
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दानीटोला वार्ड में स्थित शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार को दर्जनों महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शराब दुकान को हटाने की मांग की और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि दुकान नहीं हटाई गई, तो वे आंदोलन और चक्काजाम करेंगे।
मंदिर के पास शराब की दुकान, महिलाओं में आक्रोश
प्रदर्शन करने आईं निर्मला ध्रुव, गीता साहू, कमला ध्रुव, जया साहू समेत कई महिलाओं ने बताया कि वार्ड में देशी और विदेशी शराब की दुकानें मंदिरों और तालाब परिसर के बेहद करीब हैं। हनुमान और दुर्गा मंदिर में पूजा के लिए आने वाली महिलाओं को शराबियों की गालियां और अभद्रता का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति से महिलाएं खुद को असुरक्षित और अपमानित महसूस कर रही हैं।
बच्चे भी हो रहे नशे के शिकार
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि अब हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि बच्चे भी शराब और नशे की लत में फंसने लगे हैं। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों को हर समय किसी अनहोनी की चिंता सताती रहती है। खेत-खलिहान जाने वाली महिलाओं को भी इस रास्ते से गुजरना पड़ता है, जो शराबियों की वजह से असुरक्षित हो गया है।
बड़ी संख्या में जुटीं महिलाएं, दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान वार्ड की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। सभी ने एक सुर में कहा कि यह लड़ाई सिर्फ महिलाओं की नहीं, पूरे समाज के भविष्य की है। यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगी।
