कोरबा: ड्यूटी से लौटते समय दर्दनाक हादसे में ड्राइवर की मौत, मुआवज़े की मांग को लेकर कंपनी कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार
कोरबा। उरगा-हाटी मार्ग पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें निजी कंपनी के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय विनोद पटेल के रूप में हुई है, जो लैंको पावर प्लांट की ठेका कंपनी देवांगन ट्रैवल्स में कार्यरत था। हादसा उस वक्त हुआ जब वह ड्यूटी के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था।
प्रत्क्षदर्शियों के अनुसार, भैंसमा कॉलेज के पास एक तेज़ रफ्तार भारी वाहन ने विनोद की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 112 को सूचना दी, जिसके बाद शव को जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक विनोद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हाल ही में उसके घर में बेटे का जन्म हुआ था और छठी कार्यक्रम खुशी-खुशी मनाया गया था। 24 अप्रैल को उसकी शादी की पहली सालगिरह थी, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित था। लेकिन एक हादसे ने खुशहाल परिवार को मातम में बदल दिया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कंपनी पर लापरवाही का आरोप, कर्मचारियों की हड़ताल
मृतक के मामा परमेश्वर पटेल ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी मिलने के बावजूद कंपनी प्रबंधन न तो मौके पर पहुंचा और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी। पीड़ित परिवार को न पीएफ का पैसा मिला और न ही मुआवज़े को लेकर कोई ठोस आश्वासन।
इस उपेक्षा से नाराज़ होकर लैंको पावर प्लांट के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और कंपनी परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। उनकी मांग है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवज़ा और पीएफ की राशि नहीं दी जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
पुलिस कर रही जांच
उरगा थाना में पदस्थ एएसआई ईश्वर एक्का ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
