बिलासपुर में पुलिस आरक्षक पर हमला: शराब के लिए पैसे मांगे, इनकार पर रॉड और लाठियों से पीटा

बिलासपुर में पुलिस आरक्षक पर हमला: शराब के लिए पैसे मांगे, इनकार पर रॉड और लाठियों से पीटा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में अपराधियों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि अब वे वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को भी नहीं छोड़ रहे। सोमवार शाम एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां चार बदमाशों ने एक पुलिस कांस्टेबल पर सरेआम हमला कर दिया। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर उसे सड़क पर बुरी तरह पीटा गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के करोना चौक की है। आरक्षक सतीश कुमार लोधी, जो जिला न्यायालय में तैनात है, अपने मित्र आनंद वर्मा के साथ घर लौट रहा था। तभी स्कूटी पर सवार चार युवक आए और जानबूझकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद उन्होंने दोनों से शराब के लिए पैसे मांगने शुरू कर दिए।

जब सतीश ने इसका विरोध किया और पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी और रॉड से हमला कर दिया। देखते ही देखते दो और आरोपी मौके पर पहुंच गए और दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा। हमले में सतीश का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया।

घायल सतीश और उसका साथी किसी तरह जान बचाकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों – सैफुल हक और मनोज वर्मा – को हिरासत में ले लिया है। जबकि फैजुल हक और एक अन्य आरोपी फरार हैं।



पुलिस के अनुसार, फैजुल और सैफुल दोनों पहले भी कई मामलों में लिप्त रहे हैं। होली से पहले ही वे हथियारों के साथ पकड़े गए थे और हाल ही में जेल से छूटे थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों का जुलूस निकाला और उन्हें कोतवाली से कोर्ट तक पैदल ले जाया गया। वहीं, फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post