**कुसमुंडा में एसईसीएल कर्मचारी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या: विकास नगर में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी**
कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गोपाल राम (42 वर्ष) के रूप में हुई। वह मूल रूप से भटगांव का निवासी था और हाल ही में कुसमुंडा के विकास नगर स्थित क्वार्टर नंबर एम-444 में रह रहा था।
गोपाल अपने सहकर्मी सूरत लाल के साथ उसी क्वार्टर में रहता था। घटना के समय सूरत सोमवार को अपने गांव गया हुआ था। मंगलवार शाम को जब गोपाल से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया और क्वार्टर का दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो सहकर्मियों को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
**पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, शव लटका मिला**
कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ोसियों की उपस्थिति में क्वार्टर का दरवाजा तोड़ा। अंदर गोपाल का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने तत्काल पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, गोपाल सोमवार को सुबह पहली पाली की ड्यूटी पर गया था। दोपहर 2 बजे ड्यूटी से लौटने के बाद वह अपने कमरे में बंद हो गया। उसका सहकर्मी सूरत बार-बार फोन करता रहा, लेकिन गोपाल ने कोई जवाब नहीं दिया।
**भटगांव से कुसमुंडा हुआ था ट्रांसफर**
पुलिस के अनुसार, गोपाल और सूरत कुछ महीने पहले ही भटगांव से कुसमुंडा ट्रांसफर होकर आए थे। दोनों के परिवार अलग-अलग रहते थे। कुसमुंडा पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद उनके बयान दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
