परीक्षा में पास कराने का लालच: साइबर ठग बना रहे छात्रों और अभिभावकों को शिकार
कोरबा। परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने और फेल छात्रों को पास कराने का लालच देकर साइबर ठग एक नई ठगी का जाल बुन रहे हैं। हाल ही में सामने आए मामलों में यह बात उजागर हुई है कि साइबर अपराधी खुद को शिक्षा बोर्ड या स्कूल के अधिकारी बताकर छात्रों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं।
वे रिजल्ट आने की चिंता में डूबे छात्रों और उनके माता-पिता की भावनाओं से खेलते हुए उन्हें अच्छे नंबर दिलाने या फेल से बचाने का झांसा देते हैं। इसके एवज में वे मोटी रकम की मांग करते हैं।
कोरबा पुलिस ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है। पुलिस का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में इस तरह की कोई वैध प्रक्रिया नहीं है और न ही किसी अधिकृत संस्था द्वारा इस तरह की सेवाएं दी जाती हैं।
पुलिस ने अपील की है कि कोई भी छात्र या अभिभावक ऐसे किसी कॉल, मैसेज या ईमेल के झांसे में न आए। इस प्रकार की गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें और सतर्क रहें।
