रायपुर, 30 मई 2025 — पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में वर्षों से चल रहे विवाद का अंत अब जाकर हुआ है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ शैलेंद्र पटेल को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के फैसले के बाद उनके पद से हटा दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने 28 मई की देर रात आदेश जारी करते हुए उनके स्थान पर फार्मेसी विभाग के प्रोफेसर डॉ अम्बर व्यास को नया कुलसचिव नियुक्त किया है।
तीन वर्षों से विवादों में रही नियुक्ति
डॉ पटेल को वर्ष 2022 में लोक सेवा आयोग द्वारा चयन सूची के आधार पर कुलसचिव नियुक्त किया गया था। लेकिन उनकी नियुक्ति के तुरंत बाद से ही इस पर सवाल उठने लगे थे। आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि डॉ पटेल के अनुभव संबंधी दस्तावेज विश्वविद्यालय अधिनियम के निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करते।
जांच रिपोर्टों ने किया अयोग्य घोषित
डॉ पटेल के दस्तावेजों और योग्यता की जांच तीन अलग-अलग समितियों द्वारा की गई।
-
पहली रिपोर्ट सितंबर 2022 में सामने आई, जिसमें 7 बिंदुओं पर उनके अनुभव को मान्य नहीं पाया गया।
-
दूसरी जांच समिति अप्रैल 2023 में बनाई गई, जिसमें तीन कॉलेज प्राचार्य शामिल थे।
-
इस समिति की रिपोर्ट जून 2023 में आई, जिसमें यह स्पष्ट किया गया कि डॉ पटेल छत्तीसगढ़ राज्य विश्वविद्यालय सेवा अधिनियम के तहत कुलसचिव पद के मानकों पर खरे नहीं उतरते।
न्यायालय में भी नहीं मिला राहत
डॉ पटेल ने अपनी नियुक्ति को बचाने के लिए तीन अलग-अलग याचिकाएं उच्च न्यायालय में दायर कीं। लेकिन सभी याचिकाएं 22 मई 2025 को खारिज कर दी गईं। इससे पहले 6 मार्च को हुई अंतिम सुनवाई के बाद न्यायालय ने फैसला सुरक्षित रखा था।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह पहली बार नहीं है जब डॉ पटेल की नियुक्ति पर विवाद हुआ हो। 2015-16 के दौरान जब उन्हें बस्तर विश्वविद्यालय में डिप्टी रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया था, तब भी उनकी पात्रता को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस समय भी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
शिकायतकर्ता की भूमिका
इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता राहुल गिरी गोस्वामी ने वर्ष 2022 में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने डॉ पटेल की योग्यता और चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई थी, जिसे बाद में विभिन्न स्तरों की जांच और न्यायालय ने भी सही ठहराया।
नया कुलसचिव डॉ अम्बर व्यास
डॉ पटेल की जगह अब डॉ अम्बर व्यास को कुलसचिव नियुक्त किया गया है। डॉ व्यास फार्मेसी के प्रोफेसर हैं और उन्हें प्रशासनिक कार्यों का अच्छा अनुभव है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा देर रात जारी आदेश में डॉ पटेल को इंद्रावती भवन, नया रायपुर में पदस्थ करने की जानकारी दी गई है।