कोरबा (छत्तीसगढ़), रविवार – कोरबा जिले के कुदमुदा वन मंडल अंतर्गत डोमाडीह गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाई आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे जिला मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 52 वर्षीय राम सिंह बिंझवार और 49 वर्षीय धरम सिंह बिंझवार तालाब में मछली पकड़ने के लिए सुबह घर से निकले थे। सुबह के समय मौसम सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल घिर आए और हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने लगी।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए दोनों भाई तालाब से बाहर निकले और तालाब किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों भाई आ गए। दोनों को गंभीर झुलसने की स्थिति में भी होश रहा और उन्होंने फोन कर परिजनों को सूचना दी।
परिजन आनन-फानन में मोटरसाइकिल से घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों भाइयों को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत अधिक गंभीर होने के कारण जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार राम सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
राम सिंह के दामाद रामनारायण ने बताया कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में मौसम खराब है। कभी तेज बारिश होती है तो कभी हल्की बूंदाबांदी, साथ ही बिजली भी लगातार कड़क रही है। यह मौसम किसानों के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है।
नकट्टी खार गांव के किसान अजीत दास महंत ने बताया कि इस बार फसलें पहले ही कमजोर स्थिति में हैं और ऊपर से लगातार बदलते मौसम से उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई खेतों में पानी भर गया है, जिससे बीज सड़ने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में खुले मैदान, तालाब, नदियों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें। साथ ही, मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देते हुए सतर्क रहें।
