कोरबा में महिलाओं का विरोध प्रदर्शन: शराब दुकान के खिलाफ थाने पर मोर्चा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन—महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर चिंता


 

कोरबा: ग्राम पंचायत बरपाली में महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। महिलाएं बड़ी संख्या में उरगा थाने पहुंचीं और स्थानीय प्रशासन से इस शराब दुकान को हटाने की मांग की। उनका कहना है कि यह दुकान एक आवासीय क्षेत्र और सब स्टेशन के बीच स्थित है, जिससे आसपास का वातावरण खराब हो रहा है।

महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान की वजह से बच्चों को ट्यूशन जाने में दिक्कतें आ रही हैं, वहीं नशे में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। शराब दुकान मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो कई गांवों को जोड़ता है, और यहां के शराबी लोग वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं तथा सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीकर हंगामा करते हैं। इस कारण महिलाएं और बच्चे इस रास्ते से गुजरते समय असुरक्षित महसूस करते हैं।

इसके अलावा, महिलाओं ने बताया कि आसपास की कई दुकानों में भी खुलेआम शराब परोसी जाती है और दुकानदार न केवल शराब के दाम ज्यादा लेते हैं, बल्कि पानी की बोतल और डिस्पोजेबल सामान के लिए भी अतिरिक्त रकम वसूलते हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी और प्रदूषण भी बढ़ रहा है।

महिलाओं ने बताया कि वे पहले भी इस संबंध में कई बार कलेक्टर और थाना प्रभारी से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब दुकान को हटाने के लिए कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ग्रामीणों की मांग है कि उनकी सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए इस समस्या का त्वरित समाधान निकाला जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post