कोरबा में ट्रैक्टर से अवैध लकड़ी बरामद, चालक और मालिक पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई


 

कोरबा, छत्तीसगढ़ — जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत केंदई परिक्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ी वन विभागीय कार्रवाई के तहत अवैध रूप से साल की लकड़ियों का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्राधिकारी अभिषेक दुबे के नेतृत्व में डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर की गई।

सूचना मिलने पर टीम ने की घेराबंदी
वन विभाग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कोरबी के समीप गेज नदी के पास एक ट्रैक्टर में अवैध रूप से लकड़ी लोड की जा रही है। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने घोसरा-गेज नदी मार्ग पर घेराबंदी की और कोसाबाड़ी इलाके में संदेहास्पद ट्रैक्टर को पकड़ा।

ट्रैक्टर से मिली साल की चिरान और बल्ली
पकड़े गए ट्रैक्टर (नंबर CG 16 CF 1297) में साल की चिरान और बल्ली लदी हुई थी। चालक से जब दस्तावेजों की मांग की गई, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजकुमार बिंछिया बताया, जो सरपता गांव का निवासी है। उसने कबूल किया कि वह ट्रैक्टर मालिक भारत सिंह सिदार के निर्देश पर लकड़ी का परिवहन कर रहा था।

वन अधिनियमों के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने ट्रैक्टर को मोरगा स्थित आवासीय परिसर में सुरक्षित रखा है और चालक राजकुमार बिंछिया एवं ट्रैक्टर मालिक भारत सिंह सिदार के विरुद्ध वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969, काष्ठ चिरान विनियमन अधिनियम 1984 तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में वनकर्मी रामप्रताप कुशवाहा, गंगाराम नेताम, अशोक श्रीवास, पंकज खैरवार, प्रीतम पुराईन और सुनील कुमार डिक्सेना ने सक्रिय भूमिका निभाई।

वन विभाग की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि जंगल की संपदा की अवैध तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post