**'USA' लिखी पिस्टल के साथ बिलासपुर में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार: पहलगाम हमले के बाद हाई अलर्ट, 26 कारतूस और नशीला सिरप बरामद**
पहलगाम हमले के बाद छत्तीसगढ़ के बिलासpur में पुलिस हाई अलर्ट पर है। इसी बीच सिविल लाइन थाना पुलिस ने शहर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शिबू उर्फ शहबाज खान को धर दबोचा। उसके पास से 'USA' लिखी तीन पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस, 7 खाली खोखे और प्रतिबंधित ONEREX कप सिरप बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि यह गिरफ्तारी एक बड़े अवैध हथियार और नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश कर सकती है।
### **रात में घेराबंदी, शातिर बदमाश पकड़ा गया**
एडिशनल एसपी सिटी राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि शहबाज खान अपनी कार में नशीली दवाओं और अवैध हथियारों की तस्करी कर रहा है। इसके बाद सिविल लाइन थाने के आरक्षक अतुल सिंह और रितेश मिश्रा ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
### **'USA' लिखी पिस्टल ने चौंकाया**
आरोपी की कार की तलाशी में पुलिस को जो मिला, उसने सबको हैरान कर दिया। तीन पिस्टल में से एक पर 'USA' लिखा था। इसके अलावा 26 जिंदा कारतूस, 7 खाली खोखे और प्रतिबंधित ONEREX सिरप की खेप भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, शहबाज लंबे समय से नशे और हथियारों की तस्करी में लिप्त है।
### **हिस्ट्रीशीटर का काला कारनामा**
शहबाज उर्फ शिबू के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसका हिस्ट्रीशीट भी तैयार किया जा रहा है। पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है और उसके नेटवर्क व गैंग की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि यह मामला बड़े तस्करी रैकेट से जुड़ा हो सकता है।
### **पुलिस की सक्रियता**
इस कार्रवाई में CSP निमितेश सिंह, TI सुम्मत साहू, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, आरक्षक अतुल सिंह, रितेश मिश्रा और अन्य पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। पहलगाम हमले के बाद बिलासपुर में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।