परीक्षा दिलाने आई थी महिला, लौटते समय गोंदिया-झाड़सुगुड़ा ट्रेन में वारदात; 3 दिन बाद दर्ज हुई FIR
बिलासपुर | बिलासपुर रेलवे स्टेशन में गोंदिया-झाड़सुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन में चढ़ते वक्त एक महिला का कीमती जेवरों से भरा बैग चोरों ने उड़ा लिया। बैग में करीब 4 लाख 50 हजार रुपए के सोने-चांदी के आभूषण थे। पीड़िता की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने तीन दिन की जांच के बाद बुधवार को मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, सक्ती जिले के बाराद्वार क्षेत्र के ग्राम डूमरपारा निवासी बसा उरांव अपनी बेटी के साथ रविवार को बिलासपुर पहुंचीं थीं। उनकी बेटी दामिनी उरांव की सहायक विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा थी। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों मां-बेटी बाराद्वार लौटने के लिए गोंदिया-झाड़सुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन में सवार हो रही थीं, तभी यह चोरी की घटना हो गई।
स्टेशन और ट्रेन में भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने उनका बैग खींच लिया और मौके से फरार हो गए। महिला ने आसपास चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वे जीआरपी थाने पहुंचीं और शिकायत दी।
पीड़िता ने बताया कि बैग में सोने की इयररिंग, मांग टीका, नथ, हार, मंगलसूत्र सहित कई कीमती गहने और भारी मात्रा में चांदी के जेवर थे। कुल वजन के अनुसार इनकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपए आंकी गई है।
शिकायत मिलने के बाद भी जीआरपी ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया और पहले मामले की जांच का भरोसा दिलाया। तीन दिन तक संदिग्धों से पूछताछ और पड़ताल के बाद बुधवार को जीआरपी थाने में FIR दर्ज की गई।
रेलवे पुलिस का कहना है कि स्टेशन परिसर और ट्रेन में लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है, साथ ही चोरों की पहचान के लिए स्थानीय नेटवर्क से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रेलवे यात्रियों को भीड़भाड़ में सतर्क रहने और कीमती सामानों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई है। मामला फिलहाल जांच में है।
