हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, गांव में फैली सनसनी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदूर में एक बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को गांव के खार में घर से लगभग 100 मीटर दूर फेंक दिया। महिला की खून से सनी लाश देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
मृतका की पहचान गांव की रहने वाली कुंवरिया बाई के रूप में हुई है, जो पिछले 15 वर्षों से अकेली रह रही थी। बुधवार की शाम ग्रामीणों को खार में खून से लथपथ उसका शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के निशान और शव पर धारदार हथियार से किए गए घातक वारों के प्रमाण जुटाए। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को अस्पताल भेजा गया है।
इस दौरान एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा और एसडीओपी नुपुर उपाध्याय भी मौके पर पहुंचीं और जांच की निगरानी की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने महिला की हत्या कुल्हाड़ी से किए गए ताबड़तोड़ वार से होना बताया है।
पुलिस फिलहाल कुंवरिया बाई की बहन और उसके परिवारजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, घर से गायब लोगों की तलाश जारी है। ग्रामीणों में घरेलू विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक न तो आरोपी पकड़े जा सके हैं और न ही हत्या का कारण स्पष्ट हो पाया है।
गांव में इस वारदात को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर हत्या के पीछे की साजिश का खुलासा किया जाएगा।
