कोरबा गेवरा खदान हादसा: करंट लगने से इलेक्ट्रिशियन की मौत, मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन


 

कोरबा, छत्तीसगढ़ | 19 जून 2025
एसईसीएल की गेवरा परियोजना में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में नागार्जुन कंपनी के इलेक्ट्रिशियन की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हीरालाल बिंझरी (35) के रूप में हुई है, जो बीते तीन वर्षों से कंपनी में कार्यरत थे। हादसा उस वक्त हुआ जब वे 6.6 केवी के केबल को बारिश से बचाने के लिए कन्वेयर बेल्ट की सहायता से ढक रहे थे।

घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हीरालाल तीन बेटियों के पिता थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके असमय निधन से परिवार में मातम का माहौल है।

हादसे के बाद नाराज ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में एकत्र होकर मुआवजे की मांग को लेकर गेवरा खदान के 7 नंबर गेट पर देर रात तक प्रदर्शन करते रहे। बुधवार रात दो बजे तक चला विरोध गुरुवार सुबह फिर से उग्र हो गया, जिसके बाद दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

इसके बाद कंपनी प्रबंधन और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। बातचीत के बाद एक समझौता हुआ, जिसके तहत कंपनी ने मृतक के परिवार को एक लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि, 15 लाख रुपये का चेक और परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने का आश्वासन दिया।

दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

इस हादसे ने गेवरा परियोजना में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post