धमतरी, छत्तीसगढ़।
शहर में शनिवार देर रात NSUI कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाने के बाहर अर्धनग्न होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI के जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने किया। यह विरोध प्रदर्शन उस घटना के खिलाफ था जिसमें NSUI के जिला उपाध्यक्ष नमन बंजारे के साथ कथित रूप से पुलिस द्वारा मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 9:30 बजे मकई गार्डन क्षेत्र में हुई। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रही थी, तभी नमन बंजारे एक नशे में धुत युवक को उसके घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। बंजारे का आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के पुलिस ने पहले उनके साथी को पीटा और फिर उन्हें भी थप्पड़ जड़ दिया।
इस घटना से आक्रोशित होकर NSUI कार्यकर्ताओं ने रविवार सुबह सिटी कोतवाली थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की और अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर मनमानी करने और NSUI पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) को तत्काल हटाने की मांग भी उठाई।
NSUI जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा, "पुलिस की बर्बरता अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। हमारे कार्यकर्ताओं के साथ बिना वजह मारपीट की जा रही है। अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और तेज होगा।"
वहीं, मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है, और NSUI कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जिला मुख्यालय में बड़ा आंदोलन करेंगे।
इस प्रदर्शन के चलते थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और मामला गरमाता चला गया।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पुलिस पर लगे आरोपों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।