सुबह 6 बजे के बाद दिल्ली और मुंबई से आने वाले विमानों की लैंडिंग में परेशानी आई। इंडिगो की फ्लाइट 6ई2062, जिसे सुबह 7:19 बजे रायपुर पहुंचना था, दोपहर 1 बजे के बाद पहुंची। इसी तरह 6ई2191 फ्लाइट भी सुबह 9 बजे तक आनी थी, लेकिन कम रोशनी के चलते उड़ान ही देर से भरी, जो दोपहर बाद रायपुर पहुंची।
दिल्ली से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का विमान भी मौसम के कारण एक घंटे की देरी से रायपुर पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट पर कांग्रेसी कार्यकर्ता बारिश में भी उनका इंतजार करते रहे।
इंडिगो के अलावा एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2793 भी तय समय से देर से आई। मुंबई और हैदराबाद की फ्लाइट्स भी दो से तीन घंटे की देरी से रायपुर पहुंचीं।
बरसात में घटा यात्रियों का आंकड़ा, उड़ानें भी कम
मौसम और छुट्टियों का सीजन खत्म होने का असर अब यात्रियों की संख्या पर भी दिख रहा है। 23 से 29 जून के बीच 3.56% और 30 जून से 6 जुलाई के बीच 8.32% यात्रियों की संख्या कम हुई।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, जून के आखिरी सप्ताह में 50,770 यात्रियों ने सफर किया, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में यह संख्या 56,544 रही। बारिश के चलते उड़ानों की संख्या भी घटी है। पिछले हफ्ते 412 फ्लाइट्स के मुकाबले इस सप्ताह सिर्फ 359 उड़ानों का संचालन हुआ।
यात्रियों को सलाह:
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले उड़ानों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। मौसम साफ होने तक हवाई सफर में देरी संभव है।