फर्जी ज्वेल लोन घोटाला: ओडिशा से महिला असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार, 1.65 करोड़ की हेराफेरी का आरोप
छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने एक बड़े बैंक घोटाले का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा के बरगढ़ से इंडियन ओवरसीज बैंक की पूर्व असिस्टेंट मैनेजर अंकिता पाणिग्रही को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
EOW के मुताबिक, अंकिता ने साल 2022 में गरियाबंद जिले के राजिम स्थित बैंक शाखा में सहायक प्रबंधक रहते हुए खाताधारकों के बंद हो चुके खातों का इस्तेमाल कर फर्जी ज्वेल लोन जारी किए और इस तरह 1 करोड़ 65 लाख रुपये की भारी रकम गबन कर ली।
2023 में हुआ था मामला दर्ज
इस गंभीर घोटाले का खुलासा होते ही EOW ने 2023 में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(क) (2018 संशोधन सहित) और IPC की धारा 409 (आपराधिक न्यासभंग) के तहत मामला दर्ज किया था।
बैंक ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए अंकिता को सेवा से बर्खास्त कर दिया था।
EOW अब इस मामले में अंकिता से पूछताछ कर रही है कि आखिर इस पूरी साज़िश में और कौन-कौन शामिल था, और क्या इससे पहले भी इसी तरह की हेराफेरी की गई थी।
