लोन दिलाने के नाम पर महिला ने 19 लोगों से की लाखों की ठगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बिलासपुर जिले में लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाली एक महिला को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला प्रियंका राय ने 19 लोगों से कुल 5 लाख 97 हजार 450 रुपए ऐंठ लिए थे। ठगी का यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द निवासी मीरा मानिकपुरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसी के मोहल्ले में रहने वाली प्रियंका राय ने बैंक से लोन दिलाने के नाम पर उससे और अन्य 18 लोगों से मोटी रकम वसूल ली। शिकायत में कहा गया कि लंबे समय तक इंतजार के बावजूद न तो लोन मिला और न ही पैसे वापस किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सूचना मिली कि आरोपी प्रियंका राय अपने घर पर ही है। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में प्रियंका ने ठगी की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस ठगी में प्रियंका के साथ और कौन-कौन शामिल है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं और लोग भी तो इसकी शिकार नहीं हुए हैं।
सीएसपी अक्षय प्रमोद साबद्रा ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी द्वारा बैंक लोन या अन्य वित्तीय सहायता के नाम पर पैसे मांगे जाने पर सतर्क रहें और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही कोई कदम उठाएं। इससे ऐसे फर्जीवाड़े से बचा जा सकता है।
