पेंड्रीडीह बायपास पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 26 अतिक्रमण जमींदोज – हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर। संवाददाता – कवीरेंद्र गहवई
शहर के पेंड्रीडीह बायपास इलाके में शनिवार को अवैध कब्जाधारियों पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने रायपुर रोड स्थित इस क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 26 अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
यह कदम उच्च न्यायालय बिलासपुर में लंबित जनहित याचिका क्रमांक 58/2019 संजय रजक बनाम छत्तीसगढ़ शासन व अन्य में दिए गए आदेश के अनुपालन में उठाया गया। कार्रवाई की अगुवाई नायब तहसीलदार बोदरी ने की, जिसमें सुबह 10 बजे से ही राजस्व विभाग, पुलिस बल, एनएचएआई और स्थानीय पंचायत की टीमें मौके पर तैनात रहीं।
जांच में पाया गया कि कई स्थानीय लोगों ने सड़क मद और घास भूमि पर अवैध रूप से दुकानें, मकान और ठेले स्थापित कर लिए थे। इन्हें चिन्हांकित कर ध्वस्त किया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई में जिनके अतिक्रमण हटाए गए, उनमें पुरुषोत्तम, सुधाराम, महेश साहू, कृष्ण कुमार, सुल्तान, रामप्यारी, मिलउराम, हसन अंसारी, कन्हैयालाल, मनीष गढ़वाल, रामप्रसाद, दसरू पाल, राहुल नाग, संजू सिंह, तितरा, राजू, अशोक श्रीवास, प्रताप, कुंज बिहारी, नरेंद्र कुमार, धनीराम साहू, दुकालू, प्रेम साहू समेत अन्य शामिल हैं।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि भविष्य में भी इस तरह के अवैध कब्जों को बख्शा नहीं जाएगा, और न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

