**सनसनीखेज खुलासा: भाजपा पार्षद भिलाई स्टील प्लांट में तांबा चोरी करते पकड़ा, दुर्ग पुलिस ने गुपचुप भेजा जेल**
रिसाली नगर पालिक निगम के वार्ड 33 से भाजपा पार्षद परमेश्वर कुमार उर्फ पिंटू को भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से तांबा चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। बीएसपी की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ ने पार्षद को पकड़कर भट्ठी पुलिस को सौंप दिया। हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने बिना कोई प्रचार या विज्ञप्ति जारी किए, चुपके से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
**चोरी का माल कार में छिपाया**
जानकारी के अनुसार, पार्षद पिंटू की कार से चोरी का तांबा बरामद किया गया। यह तांबा भिलाई इस्पात संयंत्र का था, जिसे वह शुक्रवार को अपनी कार में छिपाकर चुराने की कोशिश कर रहे थे। तभी सीआईएसएफ जवानों ने उनकी कार रोकी और तलाशी के दौरान **220 किलो तांबे के तार** जब्त किए। इसके बाद सीआईएसएफ ने पिंटू को गिरफ्तार कर दुर्ग पुलिस के हवाले कर दिया।
भट्ठी टीआई राजेश साहू ने बताया कि सीआईएसएफ ने परमेश्वर कुमार को उनके हवाले किया। पुलिस ने उनकी कार को भी जब्त कर लिया, जिसमें चोरी का तांबा भरा था। पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
**कांग्रेस से भाजपा तक का सफर**
आरोपी पार्षद परमेश्वर उर्फ पिंटू ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में निगम का चुनाव जीता था। बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए और शहर में कांग्रेस की सरकार होने पर उन्हें एमआईसी सदस्य बनाया गया। हालांकि, जब प्रदेश में भाजपा की सत्ता आई, तो पिंटू ने मौके का फायदा उठाकर भाजपा का दामन थाम लिया।
**पुलिस की चुप्पी ने बढ़ाई सनसनी**
आमतौर पर दुर्ग पुलिस किसी भी गिरफ्तारी के बाद फोटो, वीडियो और प्रेस रिलीज जारी करती है। लेकिन इस मामले में पुलिस ने पूरी तरह चुप्पी साध ली। न तो पार्षद पिंटू की तस्वीरें या वीडियो जारी किए गए, न ही कोई आधिकारिक प्रेस रिलीज साझा की गई। इस गुपचुप कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। लोग पार्षद के इस कृत्य और पुलिस की रहस्यमयी कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। जांच के नतीजे क्या होंगे, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

