चंदूलाल साहू बने राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष, बोले— पार्टी के भरोसे पर खरा उतरूंगा

चंदूलाल साहू बने राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष, बोले— पार्टी के भरोसे पर खरा उतरूंगा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद चंदूलाल साहू को राज्य भंडार गृह निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साहू, जो 2003 में राजिम से विधायक चुने गए थे, 2009 और 2014 में लोकसभा सांसद भी रहे। हालांकि, 2019 के आम चुनाव में पार्टी ने उनकी जगह चुन्नीलाल साहू को टिकट दिया था।


2014 का दिलचस्प चुनाव

2014 का महासमुंद लोकसभा चुनाव उनके लिए बेहद रोचक रहा। इस सीट से 'चंदू' नाम के 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन भाजपा के चंदूलाल साहू ने बाजी मार ली। कांग्रेस के अजीत जोगी को उन्होंने महज 1,217 वोटों से हराया था।

नई जिम्मेदारी पर चंदूलाल साहू की प्रतिक्रिया

सवाल: इस पद पर नियुक्ति को कैसे देखते हैं?

जवाब: पार्टी ने मुझ पर पहले भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिन्हें मैंने पूरी निष्ठा से निभाया। अब एक नई भूमिका दी गई है, जिसे मैं पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करूंगा।

सवाल: गुटीय राजनीति से कैसे निपटेंगे?

जवाब: मैं हमेशा पार्टी का अनुशासित कार्यकर्ता रहा हूं। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। मैं सबको साथ लेकर चलने की नीति पर चलता हूं और आगे भी इसी सिद्धांत का पालन करूंगा।

सवाल: क्या आपको कभी लगा कि पार्टी ने आपको हाशिए पर डाल दिया?

जवाब: बिल्कुल नहीं। मुझे विधायक और सांसद बनने का अवसर मिला, संगठन में भी कई जिम्मेदारियां निभाने का मौका मिला। पार्टी ने मुझ पर लगातार विश्वास जताया है, और मैं इसे अपनी जिम्मेदारी मानकर पूरा करने का प्रयास करता रहा हूं।

चंदूलाल साहू की यह नियुक्ति भाजपा संगठन में उनके प्रति पार्टी के विश्वास को दर्शाती है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इस नई भूमिका में क्या नया कर पाते हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post