**छत्तीसगढ़ में महिलाओं का ठग गिरोह पकड़ा गया, नकली सोना देकर असली ले उड़ीं, VIDEO: रायपुर-बिलासपुर के ज्वेलर्स को बनाया निशाना**
छत्तीसगढ़ में एक चालाक महिलाओं के ठग गिरोह ने ज्वेलर्स को अपना शिकार बनाया। इस गिरोह ने रायपुर और बिलासपुर में नकली सोना देकर असली सोना हथिया लिया। ये महिलाएं इतनी शातिर थीं कि उन्होंने रायपुर के एक बुजुर्ग ज्वेलर को "दादाजी" कहकर भावुक कर दिया और ठगी को अंजाम देकर फरार हो गईं। हालांकि, बिलासपुर पुलिस ने इन महिलाओं को धर दबोचा है।
जानकारी के मुताबिक, इस गिरोह ने पहली ठगी 28 अप्रैल को बिलासपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान में की। उसी दिन शाम को ये महिलाएं रायपुर के उरला इलाके पहुंच गईं। उरला पुलिस के अनुसार, उरला मेन रोड पर शांतिलाल जैन नाम के बुजुर्ग व्यक्ति अपनी ज्वेलरी दुकान चलाते हैं। शाम करीब 5:30 बजे दो महिलाएं उनकी दुकान पर आईं, जिनके पास सोने का नेकलेस, चेन और कुछ पुरानी ज्वेलरी थी।
**70 ग्राम नकली सोना देकर 47 ग्राम असली ले गईं**
महिलाओं ने जो ज्वेलरी दी, उसका वजन लगभग 70 ग्राम था। उन्होंने शांतिलाल को बताया कि वे इसे एक्सचेंज कर नई ज्वेलरी लेना चाहती हैं। शांतिलाल और उनके कर्मचारियों ने उन्हें सोने की ज्वेलरी दिखाई। महिलाओं ने एक हार, एक चेन, दो मंगलसूत्र और तीन जोड़ी झुमके पसंद किए, जिनका कुल वजन 47 ग्राम था। इनकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये थी। इसके अलावा, वजन के अंतर के लिए उन्होंने ज्वेलर से 80 हजार रुपये नकद भी लिए।
**"दादाजी" कहकर ज्वेलर को किया भावुक**
सौदे के दौरान महिलाओं ने शांतिलाल को "दादाजी" कहकर संबोधित किया, ताकि वे उन पर भरोसा जीत सकें। उन्होंने अपनी एक चांदी की पायल भी दुकान पर छोड़ दी और कहा कि वे अगले दिन उसे तौलकर बेच देंगी। इसके साथ ही उन्होंने एक फर्जी मोबाइल नंबर भी दिया। सौदा पूरा होने के बाद दोनों महिलाएं दुकान से चली गईं।
**ज्वेलरी की जांच में खुलासा, केवल 2% सोना**
महिलाओं के जाने के बाद शांतिलाल ने ज्वेलरी की रासायनिक जांच की, तो पता चला कि वह नकली है और इसमें सिर्फ 2% सोना था। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने आसपास महिलाओं की तलाश की, लेकिन वे गायब थीं। इसके बाद मामला उरला पुलिस थाने पहुंचा।
रायपुर और बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि बिलासपुर में भी महिलाओं ने इसी तरह की ठगी की थी। बिलासपुर पुलिस आज शाम इस मामले में बड़ा खुलासा करने वाली है।