रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री साय ने मोदी सरकार की नीतियों, योजनाओं और वैश्विक प्रभाव को लेकर बड़े दावे किए और पीएम मोदी की तुलना भगवान हनुमान से करते हुए उन्हें 'संजीवनी लाने वाला' बताया।
आर्थिक मोर्चे पर भारत की छलांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि, "साल 2014 में भारत दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 वर्षों के नेतृत्व में यह पांचवें स्थान पर पहुंचा और अब एक और पायदान चढ़कर चौथे स्थान पर खड़ा है। यह बदलाव केवल पीएम मोदी की दूरदर्शिता और मेहनत से संभव हुआ है।"
कोविड काल में वैश्विक नेतृत्व
सीएम ने कोविड काल को याद करते हुए कहा, "हमारा वसुधैव कुटुंबकम का भाव उस समय और मजबूत हुआ जब भारत ने न केवल खुद के लिए वैक्सीन बनाई बल्कि 100 से ज्यादा देशों को भी वैक्सीन देकर मानवता की सेवा की। कुछ देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को हनुमान जी की उपाधि दी है, जैसे हनुमान जी ने संजीवनी लाकर लक्ष्मण जी की जान बचाई, वैसे ही मोदी जी ने कई देशों को जीवनदान दिया।"
नक्सलवाद पर प्रहार
छत्तीसगढ़ में नक्सल समस्या पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, "प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्रीय सहयोग से राज्य में नक्सलवाद पर करारी चोट की गई है। अब तक 425 माओवादी मारे जा चुके हैं, 1388 ने आत्मसमर्पण किया है और 1443 की गिरफ्तारी हुई है। बड़े नाम जैसे बसवा राजू और सुधाकर का सफाया होना हमारे सुरक्षाबलों की बड़ी उपलब्धि है।"
आवास योजना की गति इतनी तेज कि मिस्त्री नहीं मिल रहे
सीएम साय ने कहा कि, "प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य को पहली ही कैबिनेट में 18 लाख मकानों की स्वीकृति मिली। इतने मकान बन रहे हैं कि मिस्त्री और राजगीर तक कम पड़ गए हैं। यह प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ के गरीबों से किया वादा था, जिसे हम तेजी से पूरा कर रहे हैं।"
मोदी सरकार की 11 प्रमुख उपलब्धियां (मुख्यमंत्री के अनुसार):
-
धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ा गया।
-
तीन तलाक कानून से मुस्लिम महिलाओं को मिला न्याय।
-
छत्तीसगढ़ के किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान समर्थन मूल्य।
-
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर माह 70 लाख महिलाओं को ₹1000।
-
भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना ₹10,000 की सहायता।
-
रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 22,000 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके।
-
धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना में 6691 गांवों का समावेश, 80 हजार करोड़ का बजट।
-
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत छत्तीसगढ़ के 26 लाख किसानों को लाभ।
-
वैश्विक पहचान और नेतृत्व, जिसे कोविड वैक्सीन डिप्लोमेसी ने और मजबूत किया।
-
सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे फैसलों से देश ने दिखाया कि भारत अब केवल सहन नहीं करता, जवाब भी देता है।
-
नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलताएं, जिससे बस्तर की धरती पर अब शांति लौट रही है।
संक्षेप में:
सीएम साय ने मोदी सरकार के 11 सालों को देश के सामाजिक, आर्थिक और रणनीतिक रूप से सबसे मजबूत वर्षों में से एक करार दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत को न केवल विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ाया है, बल्कि वैश्विक मंचों पर भी भारत की आवाज को बुलंद किया है।