बरहट्टी और राजानवागांव में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 लीटर कच्ची शराब जब्त


 

कवर्धा। आबकारी विभाग ने अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। बोड़ला आबकारी वृत्त के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरहट्टी और राजानवागांव में दबिश देकर दो अलग-अलग मामलों में कुल 14 बल्क लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जब्त शराब की कुल बाजार कीमत लगभग 1400 रुपये आंकी गई है।

बरहट्टी में मिली 7 लीटर शराब, आरोपी गिरफ्तार

पहली कार्रवाई ग्राम बरहट्टी में की गई। आबकारी दल गश्त पर था, तभी सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशुन राम (58 वर्ष) के घर दबिश दी। तलाशी में प्लास्टिक जरीकेन में रखी 7 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

राजानवागांव में भी छापा, फिर वही मात्रा बरामद

दूसरी कार्रवाई ग्राम राजानवागांव में की गई। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चोवाराम पटेल (61 वर्ष) अपने घर में अवैध शराब संग्रहित कर रखा है। टीम ने तत्काल उसके मकान पर दबिश दी और तलाशी के दौरान 7 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। चोवाराम को भी गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया।

लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप

आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अवैध शराब निर्माण, संग्रहण या विक्रय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post